PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
बदलेगी स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर,खैरवा सीएचसी सहित 11 उप स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवनों का भूमि पूजन कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने भवनों का किया शिलान्यास
इन भवनों पर खर्च होंगे 49.60 करोड़ रुपये
तखतगढ 24 जुलाई (खीमाराम मेवाडा) पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने शुक्रवार को अपने पाली जिले के प्रवास के दौरान सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र को 49.60 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। सुमेरपुर के टाउन हॉल में आयोजित एक भव्य और गरिमामयी समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्र में स्वास्थ्य और पशु चिकित्सा ढांचे को मजबूत करने के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट्स का विधिवत शिलान्यास और भूमि पूजन किया।
उप जिला चिकित्सालय के नए भवन का शिलान्यास
समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री कुमावत ने सुमेरपुर में 35 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले नवीन उप जिला चिकित्सालय के नए आधुनिक भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना की नींव रखी। इस नए अस्पताल भवन के बनने से सुमेरपुर और आस-पास के हजारों ग्रामीणों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों की तरफ नहीं भागना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों का कायाकल्प
ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा व्यवस्था को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए मंत्री ने 12.60 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले एक सीएचसी व 10 उप स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवनों का शिलान्यास किया। इसके तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), खैरवा के नवीन भवन पर सात करोड़ 10 लाख रुपए की लागत आएगी। वहीं, श्री कुमावत द्वारा 11 उप स्वास्थ्य केंद्र-खटूकड़ा, ऐदलावास, खेतावास, वड़ेरवास, बालराई, पादरला, जाखोड़ा, पिचावा, केरला और काणदरा के नए भवनों का भी भूमि पूजन किया गया। इनमें प्रत्येक उप स्वास्थ्य केंद्र पर 55 लाख रुपए खर्च होंगे। इन सभी केंद्रों को नए और सुसज्जित भवन मिलने से ग्रामीण इलाकों में प्रसूति, प्राथमिक उपचार और टीकाकरण जैसी मूलभूत स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ और प्रभावी हो जाएंगी।
उन्नत पशु चिकित्सा के लिए बहुउदेशीय पशु चिकित्सालय
पशुपालन और गोपालन विभाग के मंत्री होने के नाते श्री जोराराम कुमावत ने क्षेत्र के पशुपालकों और किसानों के हित में भी बड़ा कदम उठाया। उन्होंने सुमेरपुर क्षेत्र में शहर के सबसे बड़े प्रोजेक्ट में से एक बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय का शिलान्यास किया। इस भवन पर दो करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी। पशुपालन क्षेत्र को मजबूत करने के लिए मंत्री कुमावत की तरफ से प्रयास किए जा रहे हैं। मंत्री कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और पशुपालकों को उन्नत तकनीक से जोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सुमेरपुर क्षेत्र में आज जिन विकास कार्यों की नींव रखी गई है, वे आने वाले समय में यहां की तस्वीर और तकदीर बदल देंगे। कुमावत ने कहा कि भवनों के बनने से स्थानीय जनता को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों की तरफ नहीं भागना पड़ेगा। आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं अब इन गांवों में ही सुलभहोंगी। सुमेरपुर का यह विकास यहाँ के नागरिकों और पशुपालकों के जीवन स्तर को सुधारने में मील का पत्थर साबित होगा। नगर मंडल अध्यक्ष रविकांत रावल चिकित्सा विभाग के ब्लॉक प्रोग्रामर प्रमोद गिरी ने कार्यक्रम को संचालन किया।
इस मौके पर पाली जिले के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष करण सिंह नेतरा, सरस डेयरी, पाली के अध्यक्ष प्रताप सिंह बिठिया, किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष जयेंद्र सिंह, नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष अनोप सिंह राठौड़, एसडीएम कालूराम कुम्हार, डीवाईएसपी जितेंद्र सिंह, पाली पंचायत समिति के प्रधान प्रतिनिधि पुखराज पटेल, श्री निंबेश्वर महादेव ट्रस्ट के अध्यक्ष जगत सिंह राणावत, नपा के निवर्तमान अध्यक्ष ललित रांकावत, पूर्व उपाध्यक्ष चतुर्भुज शर्मा, ईओ नरपत सिंह, जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, साण्डेराव मण्डल के पूर्व महामंत्री मुकेश मोदी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता शंकर सिंह राजपुरोहित सहित सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष तथा विभिन्न जनप्रतिनिधि और सरपंच गण मौजूद रहे।

