PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
श्रमिकों का राष्ट्रीयकरण भामस की मुख्य संकल्पना
भारतीय मजदूर संघ की प्रदेश पदाधिकारियों की दो दिवसीय बैठक 1 एवं 2 अगस्त को जैन बोर्डिंग,सुमेरपुर मे क्षेत्रीय संगठन मंत्री सी वी राजेश के मार्गदर्शन आयोजित होगा
तखतगढ 31 जुलाई (खीमाराम मेवाडा) भारतीय मजदूर संघ, राजस्थान की प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण दो दिवसीय बैठक 1 एवं 2 अगस्त को जैन बोर्डिंग सुमेरपुर में क्षेत्रीय संगठन मंत्री सी वी राजेश के मार्गदर्शन मे आयोजित होगी। बैठक में प्रदेशभर से भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश पदाधिकारी, एवं विभाग स्तर के प्रमुख कार्यकर्ता तथा विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेकर संगठन की भावी कार्ययोजना पर मंथन करेंगे।
प्रदेश महामंत्री मुकेश सोलंकी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह बैठक संगठन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। बैठक में आगामी संगठनात्मक गतिविधियों, सदस्यता विस्तार अभियान, श्रमिक हितों से जुड़े समसामयिक विषयों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभिन्न उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही विभिन्न विभागों एवं जिलों में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा कर आगामी कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
भारतीय मजदूर संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष महिपाल सिंह ने बताया कि भारतीय मजदूर संघ राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों की भूमिका को सर्वोपरि मानते हुए “राष्ट्र का औद्योगीकरण, उद्योगों का श्रमिकीकरण एवं श्रमिकों का राष्ट्रीयकरण” के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रहा है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए बैठक में श्रमिकों के हितों की रक्षा, श्रम कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, औद्योगिक समन्वय तथा संगठन की मजबूती के लिए आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
जिला संरक्षक महेन्द्र सिंह असोप ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ अपने स्थापना काल से ही राष्ट्रहित और श्रमिक हित को साथ लेकर चलने वाला संगठन रहा है। संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना से कार्य करता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से बैठक में सक्रिय सहभागिता निभाकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
वरिष्ठ पदाधिकारी भगवत सिंह बलाना ने कहा कि वर्तमान समय में संगठित एवं असंगठित दोनों क्षेत्रों के श्रमिकों के समक्ष अनेक चुनौतियाँ हैं। भारतीय मजदूर संघ इन चुनौतियों का सकारात्मक समाधान संवाद, संगठन और संघर्ष के माध्यम से करता रहा है। उन्होंने कहा कि इस बैठक में लिए जाने वाले निर्णय प्रदेशभर में संगठन की गतिविधियों को नई दिशा प्रदान करेंगे तथा श्रमिक हितों के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जिला सहमंत्री किशन लाल देवड़ा प्रदेश के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से समय पर बैठक में उपस्थित होकर इसे सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दो दिवसीय यह बैठक संगठन की मजबूती, श्रमिक कल्याण तथा राष्ट्रहित के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करेगी।


