PALI SIROHI ONLINE
सुमेरपुर-शहर के वार्ड 32 में मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल सामने आई। अचलेश्वर महादेव मंदिर की गली नंबर 2 में शनिवार दोपहर भटकता हुआ 7 वर्षीय बच्चा मिला। रामूदेवी घांची ने बच्चे से पूछताछ कर उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया, सही जानकारी नहीं मिली। उन्होंने उसे अपने साथ रखा। बाद में पुलिस की मदद से बच्चे को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, बच्चा दोपहर 1 बजे रामूदेवी घांची को मिला था। पूछने पर उसने अपनी जाति गरासिया बताई। उसने माता-पिता की मृत्यु होने की बात कही। उसने अपनीबड़ी बहन रेखा का नाम बताया। उसने सुरेश गरासिया का नाम भी बताया। रामूदेवी ने बच्चे से उसके घर का पता जानने की काफी कोशिश की, लेकिन जानकारी नहीं मिल पाई। बच्चा शाम करीब 5 बजे तक उनके पास रहा। इसके बाद वह उसे लेकर पार्षद प्रकाश सोलंकी के घर पहुंचीं।
गरासिया भाषा में बातचीत से मिला सुराग : बच्चे के घर का
पता लगाने के लिए रामूदेवी और पार्षद सोलंकी उसे लेकर पुलिस थाने पहुंचे। वहां कांस्टेबल प्रवीण कुमार ने गरासिया भाषा में बच्चे से बातचीत की। इस दौरान बच्चे ने बताया कि उसकी बड़ी बहन रेखा नारलाई गांव की रहने वाली है। उसने बताया कि सुरेश गरासिया फालना रोड स्थित इंद्रसिंह के कृषि कुएं पर काम करते हैं। यह स्थान सांडेराव से करीब 2 किलोमीटर दूर है। इसके बाद सीआई सवाईसिंह के निर्देश पर हेड कांस्टेबल पूसाराम और कांस्टेबल प्रवीण कुमार की मदद से पुलिस वाहन में बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया गया।




