PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही के एक सरकारी स्कूल में पहली कक्षा के सात वर्षीय छात्र के साथ शिक्षक द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि पढ़ाई के दौरान एक शब्द भूलने पर शिक्षक गजेंद्र सिंह ने बच्चे के साथ मारपीट की और घटना किसी को बताने पर दोबारा पीटने की धमकी दी।
परिजनों के अनुसार स्कूल से घर लौटने पर बच्चे के पैरों और कमर पर चोट के निशान मिले। बच्चा डरा हुआ था और दर्दके कारण ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। मामले में परिजनों ने कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पूर्व विधायक संयम लोढ़ा भी छात्र और उसके परिजनों के साथ एसपी व कलेक्टर से मिले। एसपी के निर्देश पर मामला दर्ज कर बच्चे का मेडिकल कराया गया और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र नानीवाल ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी की टीम गठित कर निष्पक्ष जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षक की गलती सामने आने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जांच अधिकारी एएसआई कसना राम ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मामला दर्ज किया गया है। बच्चे की मेडिकल जांच कराई गई है और निष्पक्ष जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


