PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही सदर थाना के कृष्णगंज चौकी परिसर में उपखंड अधिकारी हरी सिंह देवल और डीएसपी मुकेश कुमार चौधरी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक होली और रमजान के त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के उद्देश्य से बुलाई गई थी।
बैठक में कृष्णगंज सहित वेलांगरी, तेलपीखेड़ा, मीरपुर, बोगरा, बालदा और सिंदरथ जैसे गांवों के गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया। थानाधिकारी घनश्याम सिंह भी इस दौरान मौजूद रहे।
उपखंड अधिकारी हरी सिंह देवल ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों का मुख्य उद्देश्य सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है और किसी भी प्रकार की अफवाहों या गलतफहमियों को त्योहारों के माहौल को खराब नहीं करने दिया जाएगा।
प्रशासन ने त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। होली और रमजान के दौरान संवेदनशील इलाकों में असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शांति समिति के सदस्यों और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। सभी ने त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की प्रतिबद्धता जताई। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों से बचने और किसी भी समस्या की सूचना तुरंत देने की अपील की है।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन से सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की, जिस पर अधिकारियों ने जल्द कैमरे लगवाने का भरोसा दिलाया। थानाधिकारी घनश्याम सिंह ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र में कोई भी अनजान व्यक्ति नजर आए या किसी घटना का अंदेशा हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
इस बैठक में अधिकारियों के साथ हेड कांस्टेबल खीमसिंह, कांस्टेबल प्रदीप कुमार, रणजीत कुमार, गणपत सिंह देवड़ा, पूर्व सरपंच हमीरा राम, छोगाराम लोहार, जुम्मा खान पठान, भगवाना राम चौधरी, दलाराम चौधरी, रणछोड चौधरी, वागराम देवासी, रामाराम देवासी, सूरज प्रजापत, आसू गरासिया, शंकर गरासिया सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
