स्कूल बसों की आकस्मिक जांच, चार बसों का चालानः क्षमता से अधिक बच्चे मिलने पर स्कूल प्रशासन को सख्त हिदायत
PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव सावित्री आनंद निर्भीक ने मंगलवार दोपहर को स्कूल बसों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान क्षमता से अधिक बच्चे ले जा रही चार बसों का चालान किया गया और स्कूल प्रशासन को सख्त हिदायत दी गई।निरीक्षण के दौरान तीन बसों में क्षमता से अधिक बच्चे पाए गए। इसके अतिरिक्त, दो बसों के ड्राइवरों ने निर्धारित वर्दी नहीं पहनी हुई थी। इन अनियमितताओं के सामने आने पर मौके पर ही यातायात पुलिस को बुलाया गया।
यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाली चारों बसों के चालान काटे। सचिव सावित्री आनंद निर्भीक ने स्कूल प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी शिकायतें सामने नहीं आनी चाहिए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आकस्मिक जांच भविष्य में कभी भी की जा सकती है और दोबारा खामियां पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल बसों की जांच की सूचना मिलने पर सिरोही डीएसपी मुकेश चौधरी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने यातायात पुलिस अधिकारी से बातचीत कर आवश्यक जानकारी ली और स्वयं भी बसों का निरीक्षण किया। डीएसपी ने बस चालकों और स्कूल के टीचरों से बात कर उन्हें नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
