PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही के कृष्णगंज में खेत में काम कर रही एक महिला को जहरीले रसैल वाइपर सांप ने डस लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। महिला डसने के कुछ ही मिनटों में बेहोश हो गई।
परिजन सांप को प्लास्टिक की थैली में लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। डॉक्टर अगले 24 घंटे तकमहिला की विशेष निगरानी कर रहे हैं।
खेत में काम के दौरान हुआ हादसा
घटना बुधवार की है। कृष्णगंज निवासी नाना राम कलबी की पत्नी वनी देवी अपने खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे रसैल वाइपर सांप ने उनके बाएं पैर में डस लिया। कुछ ही मिनटों में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह मूर्छित हो गईं।
सांप को साथ लेकर अस्पताल पहुंचे परिजन
महिला की हालत बिगड़ते देख परिजनों ने तत्काल उन्हें कृष्णगंज के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। पहचान के लिए वे सांप को भी प्लास्टिक की थैली में साथ लेकर पहुंचे। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने सांप को रसैल वाइपर के रूप में पहचानते ही महिला को प्राथमिक उपचार दिया और बेहतर इलाज के लिए सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
24 घंटे विशेष निगरानी में इलाज
ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने महिला को भर्ती कर तत्काल उपचार शुरू किया। प्रोटोकॉल के तहत उसके खून की हर तीन घंटे में जांच की जा रही है। शाम तक महिला की हालत में सुधार होने पर उसे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, अगले 24 घंटे तक उसे विशेष निगरानी में रखा जाएगा

