PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही के पालड़ी एम थाना क्षेत्र में पोसालिया और उथमन पावटी के पास तीन लोगों ने वाहन मालिक गोपाराम मीणा पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में गोपाराम गंभीर रूप से घायल हो गए।
आरोपियों ने उनका मोबाइल और एक लाख रुपए नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घायल को एंबुलेंस 108 कीमदद से सिरोही के सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
वाहन की किस्त जमा कराने के लिए निकले थे गोपाराम
मिली जानकारी के अनुसार, उथमन निवासी गोपाराम मीणा अपने वाहन की किस्त जमा कराने के लिए एक लाख रुपए लेकर घर से निकले थे। इसी दौरान पोसालिया और उथमन पावटी के पास तीन लोगों ने उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में वह बुरी तरह घायल हो गए। आरोपियों ने उनके पास मौजूद मोबाइल और नकदी लेकर फरार हो गए।
सिर में गंभीर चोट, सीटी स्कैन कराया
घटना की सूचना मिलने पर एंबुलेंस 108 से गोपाराम को सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उनके सिर में गंभीर चोट लगी है, जिसके चलते सीटी स्कैन कराया गया है। डॉक्टरों को रिपोर्ट का इंतजार है। जबड़े की स्थिति को देखते हुए उन्हें दांतों के डॉक्टर से भी जांच कराने की सलाह दी गई है।
तीनों आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पालड़ी एम थाना पुलिस नेआरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस हमले और लूट की वारदात से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।




