PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही जिले में एक 12 साल के बच्चे को कोबरा सांप ने डस लिया। परिजनों ने उसे अस्पताल ले जाने के बजाय करीब 20 घंटे तक एक भोपा से झाड़-फूंक करवाई। लड़के की हालत बिगड़ने लगी और वह बेहोश हो गया। इसके बाद उसे सिरोही के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। उसकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार दोयतरा निवासी सुरेश (12) पुत्र थावरा राम गरासिया शुक्रवार रात करीब 12 बजे किसी काम से घरसे बाहर निकला था। तभी अचानक उसके पैर में सांप ने डस लिया। उसकी चीख सुनकर परिजन बाहर आए।
लगातार बेहोश होने पर भोपा ने ले जाने को कहा
अस्पताल ले जाने के बजाय, परिजन उसे इलाज के लिए एक भोपा के पास ले गए। सुरेश को शनिवार पूरे दिन भोपा के पास ही रखा गया। शाम करीब 8 बजे उसकी हालत में सुधार होने के बजाय वह लगातार बेहोश होता चला गया। इस पर भोपा ने इलाज करने से मना कर दिया और उसे कहीं और ले जाने को कहा।
दिमाग तक पहुंचा गया था जहर
इसके बाद परिजन सुरेश को लेकर शनिवार रात करीब 9 बजे सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। वहां मौजूद डॉक्टर रतन लाल चौधरी ने तुरंत उसका इलाज शुरू किया। सांप का जहर खत्म करने के लिए आमतौर पर 10 इंजेक्शन लगाए जाते हैं, लेकिन सुरेश को 20 इंजेक्शन देने पड़े। तब तक जहर उसके शरीर में काफी फैल चुका था और दिमाग तक पहुंच गया था।
डॉक्टर ने सुरेश की गंभीर हालत को देखते हुए रात को आईसीयू वार्ड के प्रभारी सहित नर्सिंग स्टाफ को विशेष हिदायत दी। उन्होंने कहा कि मरीज को हर 10 से 15 मिनट बाद चेक करते रहें और उससे लगातार बातें करते रहें, जब तक जहर का असर कम नहीं हो जाता।जिले में बरसात का दौर शुरू होने के साथ ही सांप के डसने की घटनाओं में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। रविवार को सिरोही ट्रॉमा सेंटर में सांप के डसने के तीन गंभीर मरीजों को लाया गया था, जिनमें सुरेश भी शामिल था।

