PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-जिला मुख्यालय पर अघोषित बिजली कटौती से आमजन में भारी आक्रोश है। बुधवार रात करीब 12 बजे शहर के भाटकड़ा मोहल्ले के निवासी बिजली गुल होने से परेशान होकर कलेक्टर निवास पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
यह घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे शुरू हुई जब भाटकड़ा मोहल्ले में अचानक बिजली चली गई। काफी देर तक इंतजार करने और कोई समाधान न मिलने पर, लोग बनियान पहने हुए ही इकट्ठा होकर कलेक्टर निवास की ओर चल पड़े।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पिछले करीब डेढ़ महीने से यही स्थिति बनी हुई है। रात 8:30 से 9 बजे के बीच कभी भी बिजली गुल हो जाती है और कम से कम 3 से 4 घंटे तक गुल रहती है। उनके अनुसार, बिजली आने की कोई निश्चित संभावना नहीं होती।लोगों का आरोप है कि पावर हाउस में उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने पर भी केवल “आदमी आ रहा है” जैसा जवाब मिलता है, जिससे समस्या का समाधान नहीं होता।
कलेक्टर निवास पर पहुंचने के बाद भी लोग करीब आधे घंटे तक खड़े रहे, लेकिन उनकी बात सुनने के लिए कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। उन्होंने गार्ड को अपनी समस्या बताई, लेकिन आधे घंटे बाद भी उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया।
शहर भर में कमोबेश यही हालात हैं, जहां बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली गुल हो जाती है और लंबे समय तक गुल रहती है, कई बार तो 2 घंटे से अधिक। पावर हाउस में कॉल करने पर अक्सर “नॉट रीचेबल” का जवाब मिलता है, और आरोप है कि टेलीफोन ऑपरेटर रिसीवर हटाकर रख देते हैं।


