• April 12, 2026

गोल ग्राम में योजनाओं के सत्यापन हेतु व्यापक अभियान, डोर-टू-डोर पहुंची टीम

PALI SIROHI ONLINE

सिरोही-ग्राम पंचायत गोल में योजनाओं के सत्यापन हेतु व्यापक अभियान, डोर-टू-डोर पहुंची टीम

सिरोही। ग्राम पंचायत गोल में सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पंचायत प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। ग्राम विकास अधिकारी श्रवण कुमार एवं कनिष्ठ सहायक संदीप अग्रवाल के नेतृत्व में टीम बनाकर डोर-टू-डोर अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान महात्मा गांधी नरेगा जॉब कार्ड की e-KYC तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन सत्यापन के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
पंचायत प्रशासन के अनुसार, कई लोग अस्थायी रूप से व्यवसाय, मजदूरी एवं कृषि कार्य के चलते गांव से बाहर हैं,

जिसके कारण सत्यापन में दिक्कतें आ रही हैं, क्योंकि यह प्रक्रिया लाभार्थी की उपस्थिति में ही संभव है। इसके बावजूद भोपू व डूंडी के माध्यम से लगातार जागरूकता फैलाई जा रही है, साथ ही दूरभाष एवं सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों से संपर्क किया जा रहा है।
नरेगा योजना के तहत कुल 828 सक्रिय श्रमिकों में से 638 का e-KYC पूर्ण कर लिया गया है, जो लगभग 77 प्रतिशत है।

शेष श्रमिकों के सत्यापन के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। वहीं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में 838 में से 705 लाभार्थियों का सत्यापन पूरा हो चुका है। शेष मामलों में मोबाइल लिंक न होना, आय प्रमाण पत्र अपडेट नहीं होना, दिव्यांग प्रमाण पत्र की कमी, जनाधार अपडेट तथा प्रवास पर होने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।

इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना वर्ष 2024-25 के तहत स्वीकृत 40 आवासों में से 25 पूर्ण हो चुके हैं, जबकि शेष आवासों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए नोटिस जारी कर कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों ने आवास की किस्तों में देरी को निर्माण में बाधा बताया है, जिस पर पंचायत स्तर पर समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।

पंचायत प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे पालनहार, आवास, पेंशन, पट्टा एवं व्यक्तिगत शौचालय योजना का लाभ अवश्य उठाएं और समय पर अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराएं।

About The Author

You cannot copy content of this page