PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही में पुलिस ने आगामी नगर निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के मद्देनजर एक साइबर एडवाइजरी जारी की है। इसका उद्देश्य मतदाताओं, प्रत्याशियों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों को साइबर धोखाधड़ी और भ्रामक सूचनाओं से बचाना है। यह पहल पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर की गई है।
एडवाइजरी में ‘वोटर लिस्ट में नाम देखें’ जैसे फर्जी लिंक सेसावधान रहने को कहा गया है। साइबर ठग व्हाट्सऐप या एसएमएस के जरिए “अपना नाम वोटर लिस्ट में देखें” या “आपका पोलिंग बूथ बदल गया है” जैसे संदेश भेजकर फर्जी लिंक पर क्लिक करवा सकते हैं। ऐसे किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। मतदाता सूची या मतदान संबंधी जानकारी के लिए केवल राजस्थान राज्य चुनाव आयोग और सीईओ राजस्थान की आधिकारिक वेबसाइटों का ही उपयोग करें।
पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि चुनाव आयोग का अधिकारी बताकर कोई व्यक्ति वोटर कार्ड अपडेट, सत्यापन या अन्य चुनावी प्रक्रिया के नाम पर फोन कर सकता है। ऐसे में ओटीपी, बैंक विवरण, यूपीआई पिन या अन्य निजी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करें।


