
PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही भाजपा की ओर से कृष्णगंज मंडल के पीपलकी के आशापुरा मंदिर में डॉ. भीमराव आम्बेडकर सम्मान अभियान की शुरुआत मंगलवार को हुई। मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल मीणा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से दलितों को राजनीति का मोहरा बनाया है, उनका कभी भला नहीं किया। दलितों को मुख्यधारा से जोड़कर देश को मजबूती देने वाले संविधान निर्माता डॉ. आम्बेडकर के संविधानों को कांग्रेस ने तोड़ मरोड़कर पेश किए।
उन्होंने कहा कि नेहरू ने डॉ. आम्बेडकर को 1952 के चुनाव में हराने का षड़यंत्र रचा और उनके राजनीतिक कॅरियर को समाप्त करने के प्रयास किए। वर्तमान में दलितों के माध्यम से सत्ता हासिल करने के लिए राहुल गांधी संविधान की पुस्तक व आम्बेडकर की तस्वीर लेकर राजनीतिक साजिश कर रहे हैं। कांग्रेस ने हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति की है। राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि बाबा साहेब संविधान के शिल्पकार होने के साथ सामाजिक न्याय के योद्धा थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन पिछड़े और वंचितों के उत्थान को समर्पित कर दिया। सांसद लुंबाराम चौधरी ने कहा कि भाजपा ने बाबा साहेब के पूर्ण जीवन और उनकी उपलब्धियों और देश के लिए किए गए कार्यों को जनता के सामने रखने के लिए ये अभियान शुरू किया है।
अभियान के दौरान लोगों को करेंगे जागरुक : जिलाध्यक्ष :
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ रक्षा भंडारी ने कहा कि भाजपा ने डॉ. आम्बेडकर सम्मान अभियान शुरू कर उनकी ओर से किए कार्यों को जनता के बीच में ले जाकर लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने ने कहा कि डॉ. आम्बेडकर जैसे महान व्यक्ति को केवल संविधान निर्माता के रूप में पहचान बनाकर सीमित कर दिया। इससे अब भाजपा बाबासाहेब की जीवनी और देशहित के लिए किए संघर्षों के बारे में लोगों को बताने के लिए देशभर में अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आम्बेडकर सम्मान अभियान हर मंडल स्तर पर होगा। जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित ने भी अभियान को लेकर विचार व्यक्त किए। बाबा साहेब की जीवनी पर दिखाई गई फिल्म भाजपा जिला प्रवक्ता रोहित खत्री ने बताया कि कार्यक्रम में बाबा साहेब की जीवनी पर कार्यकर्ताओं को फिल्म दिखाई। डॉ. भीमराव आम्बेडकर सम्मान अभियान के जिला संयोजक व एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष भंवर मेघवाल ने कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत की
कृष्ण मंडल अध्यक्ष हार्दिक देवासी ने कार्यक्रम की व्यवस्थाएं देखी। इस दौरान नवनियुक्त कृष्ण मंडल अध्यक्ष हार्दिक देवासी का राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, सांसद लुंबाराम चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल मीणा व जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी ने स्वागत किया। कार्यक्रम का मंच संचालन अभियान के जिला सह संयोजक अजय वाला ने किया


