PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 22 जनवरी को प्रस्तावित सिरोही दौरे की तैयारियों को लेकर मंगलवार को सिरोही सर्किट हाउस में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इस बैठक में बाली विधायक पुष्पेंद्रसिंह राणावत, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी, प्रदेश संगठन से हरिराम रिणवा और जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित शामिल हुए।
नेताओं ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुख्यमंत्री के दौरे की जानकारी अधिक से अधिक आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने और शहर में होर्डिंग लगाने के निर्देश दिए। कार्यकर्ताओं को पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अरविंद पवेलियन में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। बैठक में इस सभा में अधिक से अधिक संख्या में आमजन की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। नेताओं ने कहा कि सभा को सफल बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री ने बताया कि सिरोही मुख्यालय पर होने वाली इस जनसभा के लिए सिरोही शहर से अधिक से अधिक लोगों को लाने का लक्ष्य रखा गया है। शहर के प्रत्येक वार्ड में कार्यकर्ता घर-घर जाकर पीले चावल देकर मुख्यमंत्री की सभा में आने का न्योता देंगे। साथ ही, भोपू प्रचार के माध्यम से भी लोगों को मुख्यमंत्री के सिरोही आगमन की जानकारी दी जाएगी।
इस संबंध में जिला महामंत्री गणपतसिंह राठौड़ और नरपतसिंह राणावत ने सिरोही नगर मंडल की बैठक कर वार्डवार कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपीं। बैठक में भाजपा जनप्रतिनिधि, विधानसभा क्षेत्रों के मंडल अध्यक्ष, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी और मंडल पदाधिकारी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

