PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-भूतगांव से तृतीय बाबा रामदेव पैदल संघ रामदेवरा (रुणिचा धाम) के लिए रवाना हुआ। बुधवार को ‘जय बाबे री’ के जयकारों के साथ यह यात्रा शुरू हुई, जिसमें श्रद्धालुओं, विशेषकर युवाओं में भारी उत्साह देखा गया।
‘बाबा रामदेव ग्रुप, भूतगांव’ द्वारा आयोजित इस यात्रा की शुरुआत सुबह विशेष पूजा-अर्चना और आरती के बाद हुई। डीजे पर बज रहे भजनों पर पदयात्री थिरकते हुए निकले। गांव के मुख्य मार्गों पर ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा और तिलकलगाकर यात्रियों का स्वागत किया तथा उनकी मंगल यात्रा की कामना की।
बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने और क्षेत्र की खुशहाली की कामना के साथ बड़ी संख्या में युवा इस पैदल संघ में शामिल हुए हैं। आयोजक बाबा रामदेव ग्रुप के अनुसार, गोविंद माली, जयंती प्रजापत, भावेश माली, हिम्मत माली, अंकित माली, कमलेश माली, धनराज सोनी, प्रीतम माली, गोविंद माली, विकास माली, प्रवीण माली और प्रकाश माली सहित कई भक्त हाथों में बाबा की पंचरंगी ध्वजा (नेजा) लेकर रुणिचा के लिए पैदल निकले हैं।
यह संघ प्रतिदिन अपने निर्धारित पड़ावों से होते हुए रामदेवरा पहुंचेगा। वहां सभी पदयात्री बाबा रामदेव जी की समाधि पर शीश नवाकर और ध्वजा चढ़ाएंगे तथा गांव व प्रदेश की खुशहाली के लिए मन्नत मांगेंगे।


