PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-नीट और अन्य परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जावाल में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर भाजपा ने पलटवार किया है। गुरुवार को हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बाद भाजपा जिला उपाध्यक्ष छगनलाल घांची और जावाल मंडल अध्यक्ष विक्रम माली ने कांग्रेस पर निशाना साधा।
भाजपा नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के धरने पर बैठने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गहलोत किस आधार पर पेपर लीक की बात कर रहे हैं, जबकि उनके शासनकाल में 17 से अधिक प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए थे। नेताओं ने आरोप लगाया कि इस दौरान युवाओं का भविष्य और नौकरियां लूटी गईं।
मंडल अध्यक्ष विक्रम माली ने गहलोत सरकार के दौरान हुए लाठीचार्ज की घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब पीड़ित और बेरोजगार छात्र सड़कों पर न्याय मांग रहे थे, तब उन पर लाठियां बरसाई गईं। माली ने आरोप लगाया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री गहलोत ने प्रदर्शनकारी छात्रों से मिलने की कोशिश भी नहीं की थी।
भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का जनाधार लगातार खिसक रहा है। इसके अतिरिक्त भाजपा ने पूर्व विधायक संयम लोढ़ा पर क्षेत्र की अनदेखी और राजनीतिक स्वार्थ साधने के आरोप लगाए।


