PALI SIROHI ONLINE
बाली उपखण्ड के सेंदला ग्राम में 70वीं जिला स्तरीय विद्यालयी बॉक्सिंग प्रतियोगिता का हुआ समापन।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सेंदला में आयोजित तीन दिवसीय 70वीं जिला स्तरीय विद्यालयी बॉक्सिंग (मुक्केबाजी) प्रतियोगिता (17 व 19 वर्ष छात्र-छात्रा वर्ग) का 26 सितंबर 2026 को गरिमामय वातावरण में भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में जिलेभर से आए सैकड़ों युवा मुक्केबाजों ने रिंग में अपने उत्कृष्ट कौशल एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह एवं अतिथियों का भव्य स्वागत
समापन समारोह के मुख्य अतिथि संदेश पाल सिंह (ADEO, डीडी ऑफिस पाली) रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राजेंद्र सिंह सांदू (CBEEO ऑफिस बाली), श्री ईश्वर सिंह, गांव के गणमान्य नागरिकों में थान सिंह राणावत, करण सिंह चौहान, सोपाराम देवासी हकमाराम देवासी, रामलाल कुमावत, वगताराम, परबतसिंह, प्रवीण सहित गांव एवं आसपास के क्षेत्र से पधारे अनेक भामाशाह व प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान अतिथियों एवं भामाशाहों का साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर एवं स्मृति चिह्न (मोमेंटो) प्रदान कर आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से महावीर सिंह चौहान एवं चंद्रशेखर बोहरा द्वारा पधारे हुए सभी अतिथियों व भामाशाहों का हार्दिक स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
स्थानीय विद्यालय सेंदला का ऐतिहासिक प्रदर्शन
प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण मेजबान विद्यालय रा. उ. मा. वि. सेंदला का शानदार एवं ऐतिहासिक प्रदर्शन रहा। सेंदला विद्यालय के तीन होनहार मुक्केबाजों—करण भारती (17 वर्ष छात्र), निर्मला कुमारी (19 वर्ष छात्रा) एवं मंजू कुमारी (19 वर्ष छात्रा) ने अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक (Gold Medal) हासिल कर विद्यालय और सेंदला क्षेत्र का नाम रोशन किया। ये तीनों खिलाड़ी अब आगामी राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में पाली जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राज्य स्तर के लिए 37 खिलाड़ियों का चयन
इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर संपूर्ण पाली जिले से कुल 37 खिलाड़ियों (21 छात्र एवं 16 छात्राओं) का चयन राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
समापन समारोह के अंत में अतिथियों द्वारा सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रतियोगिता के निर्णायकों, शारीरिक शिक्षकों एवं आयोजन को सफल बनाने में अमूल्य योगदान देने वाले सभी भामाशाहों व ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया गया।




