PALI SIROHI ONLINE
सरनाऊ (रानीवाड़ा)-पंचायत समिति सरनाऊ के पास कूड़ा गांव में स्थित बाबा रामदेवजी मंदिर में सोमवार को रामदेव दशमी के मौके पर हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह से ही बाबा रामदेव के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लग गईं।
दूर-दराज के गांवों के साथ आसपास के विभिन्न इलाकों से आए श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेव के दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामनाएं मांगी। पूरे मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में दिनभर मेले जैसामाहौल रहा।
रामदेव दशमी के अवसर पर मंदिर में सुबह खास पूजा-अर्चना की गई। बाबा रामदेव का पंचामृत से अभिषेक किया गया। इसके बाद बाबा को खास पोशाक पहनाकर आकर्षक श्रृंगार किया गया।
पूजा के बाद श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू हुए तो मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ बढ़ती गई। मंदिर को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया था और बाबा के जयकारे गूंजते रहे। कूड़ा बाबा रामदेव मंदिर परिसर में मेले का आयोजन करीब तीन-चार दिन तक चलेगा।


