PALI SIROHI ONLINE
नटवर मेवाडा
*आंधी-तूफान का तांडव: सांडेराव सहित 7 गांवों में 20 घंटे ब्लैकआउट, स्वास्थ्य और जल सेवाएं चरमराईं*
सांडेराव। शनिवार रात क्षेत्र में आए भीषण आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई है। अंधड़ के कारण बिजली के 10 पोल धराशायी हो गए और 2 ट्रांसफार्मर पूरी तरह टूट गए। इस विद्युत संकट के चलते सांडेराव, देवतरा, आदकड़ा, बिरामी, खांगड़ी-बांगड़ी, दुजाना और सिंदरू गांव में शनिवार रात 8:00 बजे से रविवार सुबह4:00 बजे तक करीब 20 घंटे तक बिजली पूरी तरह गुल रही। बिजली बंद होने से डिस्कॉम कार्यालय में हजारों शिकायतें दर्ज कराई गईं।
*जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त-*
शनिवार शाम 7:20 बजे से रात 10:00 बजे तक चले इस भीषण अंधड़ और बारिश ने समूचे क्षेत्र की रफ्तार रोक दी। बिजली बंद होने के कारण सांडेराव कस्बे, ग्रामीण क्षेत्रों और ढाणियों में जल वितरण व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई, जिससे लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ा। इसके अलावा रोजमर्रा की दूध डेयरी सप्लाई और व्यावसायिक काम भी बुरी तरह प्रभावित हुए। मोबाइल टावरों को पावर बैकअप न मिलने से क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या भी खड़ी हो गई, जिससे लोग अपनों से संपर्क करने के लिए परेशान होते रहे।
*अस्पतालों में बढ़ीं मुश्किलें-*
इस आपदा का सबसे संवेदनशील असर स्वास्थ्य सेवाओं पर देखने को मिला। बिजली न होने के कारण अस्पतालों में मशीनें बंद रहीं, जिससे मरीज खून की जांच रिपोर्ट के लिए यहां-वहां भटकते नजर आए। सबसे बदतर स्थिति डिलीवरी वार्ड की रही, जहाँ भीषण गर्मी और उमस के बीच बिना हवा के गर्भवती महिलाएं तड़पने और परेशान होने को मजबूर हुईं।

