• March 25, 2026

साँचोर-टांपी-गलिफा मार्ग पर लूणी नदी की पुलिया टूटी:बहाव क्षेत्र में सड़क धंसी, आवागमन बाधित; ग्रामीण परेशान

PALI SIROHI ONLINE

डूंगरी (सांचौर)-टांपी से गलिफा को जोड़ने वाले मार्ग पर लूणी नदी क्षेत्र में बनी पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिया का एक किनारा धंस जाने से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह जोखिम भरा हो गया है।

पुलिया की कंक्रीट स्लैब टूट गई हैं और मलबा सड़क पर बिखर गया है। यह स्थिति किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है।स्थानीय निवासी किशनलाल जाणी ने बताया कि लगातार बारिश और नदी में पानी के तेज बहाव के कारण पुलिया कमजोर होती गई और अब पूरी तरह टूट चुकी है।

यह मार्ग किसानों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों के लिए दैनिक आवागमन का मुख्य साधन है। पुलिया टूटने के बाद वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई दोपहिया वाहन चालक असंतुलित होकर गिर चुके हैं।

राहगीर करणसिंह सुरेश कुमार ने बताया कि यह सड़क आसपास के कई गांवों को जोड़ती है, लेकिन विभागीय अनदेखी के कारण इसकी हालत बदतर हो गई है। रात के समय यहां कोई चेतावनी संकेत या बैरिकेड नहीं होने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पुलिया की तत्काल मरम्मत कराने, सुरक्षा संकेतक लगाने और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो बड़ी जनहानि हो सकती है।

उल्लेखनीय है कि इस पुलिया के नीचे से लूणी नदी और नर्मदा नहर का ओवरफ्लो पानी लगातार बहता रहता है।

You cannot copy content of this page