PALI SIROHI ONLINE
सांचौर। सांचौर में भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को देवड़ा के पास हुए सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई। जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा चलती कार का टायर फटने से हुआ।
शादी समारोह से लौट रहे थे
झाब थाना एसआई किशनलाल ने बताया-बालोतरा निवासी तीन सगी बहनें मुंबई में एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। शादी में भाग लेने के बाद वे आज सुबह चार बजे मुंबई से निजी कार से वापस बालोतरा लौट रही थीं।
देवड़ा के पास पहुंचते ही चलती कार का टायर अचानक फट गया। तेज रफ्तार होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में कार में सवार युवती सुदर्शना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नीलम गंभीर रूप से घायल हो गईं।
झाब थाने के एसआई किशनलाल ने बताया-बालोतरा निवासी गौतम चौकसी पुत्र बच्छराज जैन ने इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी भतीजी नीलम पत्नी मूलचंद जैन अपनी छोटी बहनों मोनिका और सुदर्शना के साथ मुंबई गई थीं। नीलम का चार साल का बेटा नीरव भी कार में उनके साथ था।
परिजनों को सौंपा शव
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सांचौर के राजकीय अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

