PALI SIROHI ONLINE
रेवदर, सिरोही-कांडला हाइवे पर करोटी पुल के पास शुक्रवार शाम को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। करोटी पुल के पास एक बाइक ट्रेलर की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े।
एक युवक घायल हुआ
सीआई सीताराम ने बताया कि हादसे में भरत पुत्र पुनमाराम कोली निवासी रेवदर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके साथ बाइक पर सवार नरेश हरिजन गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की मदद से दोनों को तुरंत रेवदर के राजकीय अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने भरत को मृत घोषित कर दिया और नरेश को प्राथमिक उपचार कर हायर सेंटर रेफर किया।
समाजसेवी अशोक माली राजगढ़ द्वारा सूचना मिलते ही रेवदर पुलिस मौके पर पहुंची। सीआई सीताराम ने घटनास्थल का मुआयना कर दुर्घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है। परिजनों की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है।
चार बहनों का इकलौता भाई था भरत
भरत की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। भरत एक निजी क्लीनिक पर काम करता था। पिता की कुछ साल पहले दुर्घटना में मौत हो गई थी। वह अपनी मां का सहारा और चार बहनों का इकलौता भाई था। कुछ साल पहले ही भरत की शादी हुई थी। घर में उसकी जिम्मेदारियों और हंसी से भरा माहौल अब मातम में बदल गया है।

