PALI SIROHI ONLINE
रेवदर, सिरोही-मंडार थाना क्षेत्र में कांडला हाईवे पर गुरुवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। खाण बोर्ड के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान खाण गांव निवासी भूराराम (50) पुत्र केसाराम हरिजन के रूप में हुई है।
परिजनों की ओर से पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, भूराराम किसी काम से रेवदर गया था। वहां से वह बाइक परसवार होकर अपने गांव खाण लौट रहा था। इसी दौरान खाण बोर्ड के पास एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर चोट लगने से भूराराम की मौत हो गई।
भूराराम गांव में ही टायर पंचर की दुकान चलाता था। हादसे की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे लोगों ने शव को रेवदर अस्पताल की मोच्र्युरी में रखवाया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा
घटना की सूचना मिलने पर मंडार थाने से हेड कांस्टेबल गिरधारी सिंह पुलिस जाब्ते के साथ रेवदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद मौके से फरार हुए अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही वाहन का पता लगाने में जुटी है।

