• May 14, 2026

गैस टैंकर-बाइक की भिड़ंत, असावा निवासी पिता-पुत्र की मौतः पत्नी और बच्चों को लेकर लौट रहा था घर, मां और 7 माह का बच्चा गंभीर घायल

PALI SIROHI ONLINE

रेवदर, सिरोही-दिल्ली कांडला नेशनल हाईवे 168 पर बुधवार रात करीब 8:30 बजे गैस टैंकर और बाइक की भिड़ंत में पिता और 3 साल के बेटे की मौत हो गई। वहीं मृतक की पत्नी एवन देवी (25) और 7 महीने का बच्चा आकाश गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना सिरोही जिले के रेवदर की है।एएसआई भरत कुमार ने बताया- राजगढ़ के पास हाईवे पर तेज रफ्तार गैस टैंकर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में असावा निवासी जयंतीलाल (30) और उनके बेटे रवि (3) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टैंकर को जब्त किया गया है।मां और 7 माह का बच्चा घायल

जयंतीलाल के भाई हिरालाल ने बताया- जयंतीलाल अपने ससुराल हड़मतिया (रेवदर) से पत्नी और बच्चों को लाने के लिए गया था। लौटते समय बुधवार रात को घर से महज 1 किलोमीटर पहले राजगढ़ के पास हादसा हो गया।

हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। राहगीरों की सूचना पर रेवदर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल जयंतीलाल की पत्नी एवन देवी और 7 महीने के बच्चे आकाश को तुरंत रेवदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया।

पुलिस ने पिता-पुत्र के शवों को कब्जे में लेकर रेवदर अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया है।

सूचना के बाद सुबह करीब 9 बजे परिजन रेवरदर अस्पताल पहुंचे।

परिजनों का बुरा हाल

जयंतीलाल के एक बड़े भाई की मौत भी एक एक्सीडेंट में हो चुकी है। मृतक की शादी 7 साल पहले हुई थी। वह वेल्डिंग का काम करता था। परिवार में पत्नी और बच्चे के अलावा दो भाई और माता-पिता है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है ।

You cannot copy content of this page