रेवदर में बेकाबू टेम्पो ने पशुपालक को कुचला, मौतः बाइक सवार स्टूडेंट और उसका भाई घायल, एग्जाम देने जा रहे थे
PALI SIROHI ONLINE
रेवदर, सिरोही-रेवदर क्षेत्र में मंगलवार को दौलपुरा बोर्ड के पास एक सड़क हादसे में एक पशुपालक की मौत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार छात्र और उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार बेकाबू टेम्पो ने पहले सड़क किनारे भेड़ चरा रहे पशुपालक को टक्कर मारी, फिर एक बाइक को चपेट में ले लिया और पलट गया।
भेड़ चरा रहे युवक को मारी टक्कर
रामपुरा खेड़ा निवासी बाबूराम देवासी (24) सड़क किनारे अपनी भेड़ें चरा रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रहे टेम्पो ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में दो युवक घायल
टक्कर के बाद टेम्पो बाइक से भी जा टकराया। बाइक पर पिपलिया निवासी यशपाल देवासी पुत्र आशु देवासी अपने चचेरे भाई गोविंद के साथ सवार थे। वे दौलपुरा स्कूल में कक्षा 11 की भूगोल की परीक्षा देने जा रहे थे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। यशपाल, बाबूराम के मामा का लड़का था ।सूचना मिलने पर हेड कॉन्स्टेबल गोविंद कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
टेम्पो ड्राइवर हुआ घायल
हादसे में टेम्पो चालक पदमाराम पुत्र नारायण, निवासी करोटी, भी घायल हो गया, जो भंगार का काम करता है। पुलिस ने मृतक बाबूराम देवासी का शव रेवदर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पशुपालन ग्रेड थर्ड की दी थी परीक्षा
मृतक बाबूराम के परिजनों ने बताया कि काफ़ी संघर्ष कर पढ़ाया था । पशुपालन के काम के साथ वह पढ़ाई भी करता था । वह पशुपालन थर्ड ग्रेड की तैयारी कर रहा था, पिछली बार दोगुना की सूची में सेलेक्शन हो गया था। इस बार भी अच्छी तैयारी के साथ पेपर दिया था।
