• March 19, 2026

रेवदर में बारिश, खेतों में कटी रबी की फसलें खराबः मंडार, सोरडा, जेतावाड़ा, और पादर समेत कई गांवों में हुई बारिश, मुआवजे की मांग

PALI SIROHI ONLINE

रेवदर, सिरोही-रेवदर में बुधवार देर रात से गुरुवार अलसुबह तक हुई बेमौसम बारिश ने किसानों को प्रभावित किया है। उपखंड मुख्यालय सहित मंडार, सोरडा, जेतावाड़ा, बांट, भीलड़ा, गुंदवाड़ा और पादर समेत कई गांवों में खेतों में कटी हुई रबी फसलें खराब हो गईं।भीलड़ा के किसान अरविंद कोली ने बताया कि क्षेत्र में गेहूं और सौंफ की फसल कटाई के बाद खेतों में पड़ी थी।

अचानक बदले मौसम और तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से यह फसल पूरी तरह भीग गई, जिससे किसानों को काफी नुकसान हुआ है।किसानों के अनुसार, फसल कटाई के बाद मौसम साफ रहने की उम्मीद थी। हालांकि, अलसुबह हुई बारिश ने उनकी अपेक्षाओं के विपरीत परिणाम दिए। विशेष रूप से गेहूं की फसल को अधिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

मौसम विभाग की पूर्व चेतावनी के बावजूद हुए इस अचानक बदलाव से किसान चिंतित हैं। बारिश के बाद मौसम में ठंडक भी बढ़ गई। स्थानीय किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नुकसान का सर्वे करवाकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

About The Author

You cannot copy content of this page