PALI SIROHI ONLINE
विद्युत विभाग की कथित लापरवाही से लाइनमैन झुलसा, पाली रेफर
रानी, नगराज वैष्णव।
रानी उपखंड क्षेत्र के किरवा के निकट सांगवा गांव में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक लाइनमैन करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल लाइनमैन इंदाराम चौधरी को प्राथमिक उपचार के बाद पाली के बांगड़ अस्पताल रेफर किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लाइनमैन इंदाराम चौधरी विद्युत लाइन पर मरम्मत कार्य कर रहा था। बताया जा रहा है कि कार्य शुरू करने से पहले बिजली आपूर्ति बंद करवाई गई थी, लेकिन अचानक लाइन में करंट प्रवाहित हो जाने से वह उसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत सहायता पहुंचाई। मांगीलाल चौधरी ने बताया कि लाइनमैन बिजली बंद करवाकर कार्य कर रहा था, लेकिन अचानक बिजली चालू हो जाने से हादसा हो गया। वहीं वेणाराम जी सांगवा ने घायल को वाहन से पाली के बांगड़ अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।
घटना के बाद क्षेत्र में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।


