PALI SIROHI ONLINE
रानी पुलिस ने 12 घंटे में डंपर चोरी का किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
नगराज वैष्णव
रानी (पाली), 8 जून। पाली पुलिस ने “ऑपरेशन सजग” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रानी थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर खड़े डंपर की चोरी की वारदात का मात्र 12 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किया गया डंपर भी बरामद कर लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक पाली के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत रानी थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार 5 जून की रात पेट्रोल पंप पर खड़ा डंपर अज्ञात बदमाश चुरा ले गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने 6 जून को चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने डंपर चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया डंपर बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में एक आरोपी सूरत (गुजरात) का निवासी है, जबकि तीन आरोपी भरूच (गुजरात) जिले के निवासी बताए गए हैं।

रानी थानाधिकारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल एवं चालक सहित कई पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

