PALI SIROHI ONLINE
रानी बार एसोसिएशन ने अभद्र व्यवहार की कड़ी निंदा, भविष्य में कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
नगराज वैष्णव
रानी बार एसोसिएशन की बैठक 23 जुलाई 2026 को अध्यक्ष ललित दवे की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता राजेन्द्र गौतम द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना-पत्र पर चर्चा की गई, जिसमें आरोप लगाया गया कि रानी स्टेशन निवासी ताराचंद माली ने उनके टेबल पर उनके मुवक्किल हसमुख मेवाड़ा के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए अपमानजनक शब्द कहे तथा टेबल पर भी अशोभनीय एवं अवांछित व्यवहार किया।
बैठक में उपस्थित सभी अधिवक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे न्यायालय की गरिमा के प्रतिकूल और अत्यंत निंदनीय बताया। सर्वसम्मति से ताराचंद माली के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।
बार एसोसिएशन ने निर्णय लिया कि भविष्य में यदि इस प्रकार की कोई घटना दोबारा होती है अथवा किसी अधिवक्ता, मुवक्किल या न्यायालय की गरिमा के विरुद्ध कोई आचरण किया जाता है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विधि अनुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में रानी बार एसोसिएशन ने सभी अधिवक्ताओं, मुवक्किलों एवं न्यायालय परिसर में आने वाले लोगों से न्यायालय की गरिमा, शालीनता एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील की।

