PALI SIROHI ONLINE
रानी नगर पालिका का आवारा कुत्तों की धरपकड़ अभियान, कई मोहल्लों में पकड़े गए कुत्ते
नगराज वैष्णव | रानी
रानी नगर पालिका द्वारा गुरुवार को नगर के विभिन्न मोहल्लों में आवारा कुत्तों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया गया। नगर पालिका ईओ मगराज चौधरी के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। अभियान के लिए तखतगढ़ नगर पालिका से कुत्तों को पकड़ने हेतु विशेष पिंजरा मंगवाया गया तथा मारवाड़ जंक्शन से प्रशिक्षित टीम को बुलाया गया।
अभियान के दौरान उन कुत्तों को प्राथमिकता से पकड़ा गया जो सड़कों पर वाहनों के पीछे दौड़ते हैं और आमजन के लिए परेशानी का कारण बनते हैं। पकड़े गए कुत्तों को सुरक्षित रूप से पिंजरों में रखा गया।
कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर स्थानीय लोगों के विरोध का भी सामना करना पड़ा। कई नागरिकों का कहना था कि रात के समय कुत्ते चोरी जैसी घटनाओं से सुरक्षा में सहायक होते हैं। इस पर नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि केवल लोगों को परेशान करने वाले और आक्रामक प्रवृत्ति के कुत्तों को ही पकड़ने की कार्रवाई की जा रही है।
नगर पालिका ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि ऐसे आवारा एवं खतरनाक कुत्तों की सूचना प्रशासन को दें, ताकि नगर में सुरक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

