PALI SIROHI ONLINE
राजसमंद-राजसमंद में सोमवार को 3000 से ज्यादा महिलाओं ने कावड़ यात्रा निकाली। राजनगर से एनएच 8 रामेश्वर महादेव मंदिर तक यह महिला कावड़ यात्रा निकली।
इसमे राजसमंद शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र से भी महिलाएं शामिल हुई। इस दौरान महिलाओं ने हर हर महादेव के जयकारों से वातावरण शिवमय बना दिया।
यह महिला कावड़ यात्रा राजनगर पुराने बस स्टैंड स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर से शुरू हुई। जो कबूतर खाना, सदर बाजार, दाणी चबूतरा, भिक्षु बोधि स्थल, नायक वाड़ी, माणक चौक, डॉ भीमराव अम्बेडकर सर्कल, बजरंग चौराहा होते हुए रामेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां महिलाओं ने महादेव का अभिषेक किया।
विधायक 6KM पैदल चलकर कावड़ यात्रा में हुई शामिल महिला कावड़ यात्रा में राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी भी करीब 6 किलोमीटर पैदल चलकर हर हर महादेव के जयकारे लगाते हुए कावड़ यात्रा में भाग लिया। कावड़ यात्रा का कई स्थानों पर शहरवासियों द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। कावड़ यात्रा जब बजरंग चौराहे पहुंची तो 15 जेसीबी मशीनों के जरिए शहर वासियों ने बैठकर पुष्प वर्षा की। जो विशेष आकर्षक का केन्द्र रही।
महाप्रसादी का भी हुआ आयोजन
कावड़ यात्रा के दौरान डीजे एवं बैंड पर शिव भक्ति के मधुर स्वरों पर महिलाएं नाचती हुई चल रही थी। कावड़ यात्रा में भारत माता एवं रानी लक्ष्मीबाई के रूप में भी कावड़ ली गई। कावड़ यात्रा के श्री रामेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने पर महिलाओं द्वारा महादेव का अभिषेक कर परिवार में सुख समृद्धि की कामना की गई। इस दौरान मंदिर परिसर में महाप्रसादी का आयोजन भी रखा गया।
कावड़ यात्रा का संचालन महिला कमेटी की सदस्या भाग्यवंती साहू, आशा पालीवाल, वर्धिनी पुरोहित, सपना शर्मा, लता श्रोत्रिय, शालिनी पालीवाल गायत्री पालीवाल, गिरजा जोशी, सावित्री शर्मा, अनीता पालीवाल, गिरजा उपाध्याय, सोना सिंह सहित महिला टीम ने किया। वही महिला कावड़ यात्रा समिति के अध्यक्ष कैलाश निष्कलंक, उपाध्यक्ष आनंद श्रोत्रिय, सचिव प्रहलाद वैष्णव, सुरेश माली, रतन साहू, गिरिराज साहू, मुकेश माली, भेरु लाल माली, सहित सदस्यों ने व्यवस्थाएं देखी।