PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही सदर थाना क्षेत्र के राजपुरा गांव के सामने
ब्यावर-पिंडवाड़ा फोरलेन पर बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार पिंडवाड़ा की तरफ से सिरोही आ रही तेज रफ्तार बाइक कई वाहनों को ओवरटेक करती हुई आगेबढ़ रही थी। अचानक बाइक फिसलकर दूर जा गिरी, जिससे यह हादसा हुआ।
हादसे में घायल हुए 2 युवकों में से एक की हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना की सूचना पर सिरोही सदर थाने के सहायक उप निरीक्षक नरपत सिंह दल सहित ट्रॉमा सेंटर और फिर घटनास्थल पर पहुंचे।
गुजरात की एम्बुलेंस ने पहुंचाया अस्पताल
दुर्घटना के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने में एक समस्या सामने आई। घटनास्थल से करीब 30 किलोमीटर के दायरे में कोई भी 108 एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं थी, क्योंकि 3 एम्बुलेंस उदयपुर मरीज लेकर रवाना हो चुकी थीं।
ऐसे में दिल्ली से वापस लौट रही गुजरात की एक एम्बुलेंस ने तीनों घायलों को सिरोही जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में 10 से ज्यादा डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने उनका इलाज शुरू किया।


