PALI SIROHI ONLINE
रेवदर-रेवदर उपखंड के राजगढ़ गांव में सड़क पर खड़े एक ग्रामीण पर बेकाबू नंदी ने अचानक हमला कर दिया। नंदी ने ग्रामीण को पटक-पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद नंदी को पकड़कर बांध दिया।
जानकारी के अनुसार, राजगढ़ निवासी रमेश कुमार पुत्र बाबूराम घांची गांव में सड़क पर खड़े थे। इसी दौरान एकआवारा नंदी अचानक उनकी ओर दौड़ा और उन पर हमला कर दिया। नंदी ने रमेश कुमार को बुरी तरह पटक दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और किसी तरह ग्रामीण को नंदी से बचाया।
गंभीर रूप से घायल रमेश कुमार को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों के अनुसार, नंदी के हमले में उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया है। इसके अलावा सिर और शरीर की अन्य हड्डियों में भी गंभीर चोटें आई हैं।
ग्रामीणों ने नंदी को पकड़कर बांधा
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने एकजुट होकर हमलावर नंदी को पकड़ने की कोशिश की। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने नंदी को पकड़ लिया और गांव में ही एक सुरक्षित स्थान पर बांध दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आवारा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूमते पशुओं के कारण हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।
पटवारी और पशु अस्पताल टीम मौके पर पहुंची
नंदी को पकड़कर बांधने की सूचना स्थानीय प्रशासन को दीगई। इसके बाद पटवारी अजय जोशी और पशु चिकित्सक डॉ. धारा मीणा टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
प्रशासन और पशुपालन विभाग की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
विभाग के निर्देश के बाद पकड़े गए नंदी को सुरक्षित रूप से गौशाला भेजने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में घूम रहे अन्य आवारा पशुओं को भी हटाने की मांग की है।

