PALI SIROHI ONLINE
रायपुर मारवाड़ (ब्यावर)। रायपुर पुलिस ने 40.70 लाख रुपए की चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 लाख रुपए नकद और वारदात में प्रयुक्त ईको कार भी बरामद की है। हालांकि, इसी प्रतिष्ठान में करीब आठ महीने पहले हुई चोरी का मामला आज तक नहीं सुलझ पाया है।
एसपी रतन सिंह राठौड़ के अनुसार 5 जून 2026 की रात रायपुर स्थित फर्म वितराज इंटरप्राइजेज में अज्ञात बदमाशों ने पीछे की खिड़की की ग्रिल काटकर प्रवेश किया। बदमाश कार्यालय की अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे 40 लाख 70 हजार रुपए नकद चुराकर फरार हो गए थे। इस मामले में रायपुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का फोरेंसिक निरीक्षण कराया, आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने वारदात करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में सुरेश सिंह (20) निवासी नंदावत थाना भीम, राजसमंद; बदलू खान (28) निवासी पचानपुरा, थाना रायपुर, ब्यावर; पिंटू उर्फ पीतम (22) निवासी नंदावत, थाना भीम, राजसमंद; और सुमेर सिंह (20) निवासी पिपलिया बाड़िया, पचानपुरा, थाना रायपुर को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 5 लाख रुपए नकद और वारदात में प्रयुक्त ईको कार बरामद की है। पुलिस का कहना है कि चोरी की शेष राशि की बरामदगी और अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश जारी है।
पहले भी इसी प्रतिष्ठान में हुई थी चोरी
इस खुलासे के बीच एक बड़ा सवाल भी सामने आया है। इसी प्रतिष्ठान में करीब आठ महीने पहले भी चोरी की वारदात हुई थी, लेकिन उस मामले में पुलिस आज तक न तो आरोपियों तक पहुंच सकी और न ही चोरी गए सामान की बरामदगी हो पाई। ऐसे में व्यापारी वर्ग में चर्चा है कि एक मामले का खुलासा होने के बावजूद पुराने प्रकरण का लंबे समय से अनसुलझा रहना पुलिस की जांच पर सवाल खड़े करता है।
व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ पुराने मामलों का भी शीघ्र खुलासा होना चाहिए, ताकि लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।

