PALI SIROHI ONLINE
रायपुर मारवाड़ (ब्यावर)-रायपुर में नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला। गुरुवार को RLP प्रत्याशी चेनाराम माली ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी मदनलाल माली का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी।चेनाराम माली के नामांकन वापस लेने के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इस मौके पर समाजहित, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता पर चर्चा हुई। नामांकन वापसी के बाद RLP प्रत्याशी चेनाराम (चौहान) माली और उनके समर्थकों ने मदनलाल माली को अध्यक्ष पद के लिए समर्थन दिया।
बुधवार को रायपुर नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के मदनलाल माली और RLP के चेनाराम माली ने नामांकन दाखिल किया था। इससे यह चुनाव सीधा मुकाबला बन गया था। लेकिन गुरुवार को चेनाराम माली के नामांकन वापस लेने से पूरा चुनावी समीकरण बदल गया।
नामांकन वापसी के बाद अब अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ मदनलाल माली ही मैदान में बचे हैं। ऐसे में उनका निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय है। हालांकि, निर्वाचन अधिकारीनिर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इसकी औपचारिक घोषणा करेंगे।
गुरुवार को माली समाज के कई लोग रायपुर के पूर्व सरपंच और RLP नेता चेनाराम माली के घर पहुंचे। यहां सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे पर बात हुई। इसके बाद चेनाराम माली, RLP कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मदनलाल माली के छोटे भाई लाबुराम माली का स्वागत किया। इस दौरान मदनलाल माली को नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए समर्थन देने की बात सामने आई। मौके पर मौजूद लोगों ने आपसी सौहार्द और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।
‘विचारों में मतभेद हो सकते हैं, मनभेद नहीं’
नामांकन वापस लेने के फैसले को सामाजिक एकता से जोड़ते हुए चेनाराम माली ने कहा कि राजनीतिक और सामाजिक जीवन में विचारों को लेकर मतभेद हो सकते हैं, लेकिन आपसी रिश्तों में मनभेद नहीं होना चाहिए। उन्होंने समाजहित और भाईचारे को प्राथमिकता देते हुए अध्यक्ष पद के चुनाव में मदनलाल माली को समर्थन देने का निर्णय लिया।
चेनाराम माली के इस फैसले के बाद उनके समर्थकों और मौजूद समाज के लोगों ने भी इसे आपसी एकता और सौहार्द का संदेश बताया। रायपुर नगरपालिका के 2026 के निकाय चुनाव में मदनलाल माली वार्ड 8 से भाजपा प्रत्याशी के रूप में निर्वाचित हुए थे। वहीं चेनाराम माली वार्ड 11 से RLP प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीते थे।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर चेनाराम माली, तुलसीराम गहलोत, राजेश बागड़ी कुशालपुरा, नरेन्द्र चौहान बर, RLP नेता अब्दुल जब्बार कुरैशी, राकेश माली, समेत बड़ी संख्या में माली समाज के लोग मौजूद रहे।


