PALI SIROHI ONLINE
सिरोही। सिरोही के पोसालिया कस्बे के महात्मा गांधी राजकीय स्कूल में शिक्षकों की कमी और हालिया ट्रांसफर से नाराज छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
छात्र-छात्राओं ने स्कूल का घेराव कर “शिक्षक वापस लाओ, पढ़ाई बचाओ” जैसे नारे लगाए और चेताया कि स्टाफ की कमी के कारण उनकी पढ़ाई और पाठ्यक्रम दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
गेट पर ताला लगाकर जताया विरोध
प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राओं ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया और उसके बाहर धरने पर बैठ गए, जिससे स्कूल में प्रवेश बाधित हो गया। विरोध के दौरान पूरे परिसर में “शिक्षक वापस लाओ, पढ़ाई बचाओ” और “हम अपना हक मांगते, नहीं किसी से भीख मांगते” जैसे नारे गूंजते रहे।
छोटे बच्चों ने भी उठाई आवाज
प्रदर्शन में छोटे बच्चों ने भी अनोखे अंदाज में अपनी मांग रखी। उन्होंने शिक्षकों की जल्द नियुक्ति और स्थानांतरित शिक्षकों को वापस लाने की अपील करते हुए कहा कि वे नियमित पढ़ाई करना चाहते हैं।
पढ़ाई और पाठ्यक्रम पर असर
छात्र-छात्राओं का कहना है कि स्कूल में पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही हैं। इसका सीधा असर उनकी पढ़ाई पर पड़ रहा है और पाठ्यक्रम समय पर पूरा नहीं हो पा रहा।
स्टाफ प्रबंधन पर उठे सवाल
छात्र-छात्राओं ने आरोप लगाया कि कई सरकारी स्कूलों में आवश्यकता से अधिक शिक्षक कार्यरत हैं, जबकि उनके स्कूल में लंबे समय से स्टाफ की भारी कमी बनी हुई है।
उनका कहना है कि शिक्षा विभाग को शिक्षकों का संतुलित वितरण सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि सभी स्कूलों में विद्यार्थियों को समान रूप से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

