PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-ब्यावर-पिंडवाड़ा फोरलेन पर सिरोही सदर थाना क्षेत्र में सारनेश्वरजी पुलिया के पास शुक्रवार देर शाम एक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक सड़क पर गिर गया। वाहन ने उसका सिर कुचल दिया और मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार धाकेला रोहिड़ा निवासी बाबूलाल पुत्र रमेश गमेती अपनी बाइक पर शिवगंज से सिरोही होते हुए पिंडवाड़ा की तरफ जा रहा था। मातर माताजी मंदिर गेट से करीब आधा किलोमीटर आगे शिवगंज की तरफ पुलिया पर पहुंचते ही पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से बाबूलाल बाइक सहित सड़क पर जा गिरा।
गाड़ी लेकर भाग गया ड्राइवर
वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह युवक का सिर कुचलते हुए घटनास्थल से भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच कर निजी एम्बुलेंस की मदद से शव को सिरोही सरकारी अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया।
पुलिस ने मृतक के पास मिले कागजात और मोबाइल की मदद से परिजनों का पता लगाया और उन्हें सूचना दी। शनिवार को परिजनों के आने के बाद उनकी रिपोर्ट पर पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाया और शव उन्हें सौंप दिया।
1 घंटे तक एम्बुलेंस में पड़ा रहा शव
इस बीच रोहिड़ा थाना क्षेत्र के धाकेला गांव निवासी बाबूलाल गमेती की मौत के बाद जब उसका शव निजी एम्बुलेंस से अस्पताल की मॉर्च्यूरी पहुंचा, तो वहां शव उतारने वाला कोई नहीं था।
करीब 1 घंटे तक मॉच्र्युरी के बाहर इंतजार करने के बाद एम्बुलेंस ड्राइवर ने गाड़ी को ट्रॉमा सेंटर के बाहर खड़ा कर दिया। वहां करीब आधे घंटे बाद कुछ लोग आए, जिन्होंने शव को उतरवाकर मॉच्र्युरी में रखवाया।


