PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-पिंडवाड़ा पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में वांछित 25 हजार के इनामी तस्कर को गिरफ्तार किया। खास बात यह रही कि आरोपी की निशानदेही पर थाने में जब्त कार से लाखों की ड्रग्स और अवैध हथियार बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार 26 मई को पुलिस ने एक कार से शेख मोहम्मद को 400 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्जकिया गया। मामले की जांच कर रहे उपनिरीक्षक कमल सिंह की तफ्तीश में सामने आया कि शेख मोहम्मद को यह ड्रग्स अहमदाबाद निवासी मेमन जीशान ने सप्लाई की थी।
इसके बाद पुलिस ने वांछित मुख्य आरोपी 31 मई को मेमन जीशान को प्रतापगढ़ से गिरफ्तार किया। साथ ही वारदात में प्रयुक्त हुंडई कार भी जब्त की। पैरोल पर छूट फरार हो गया था आरोपी : मुख्य आरोपी मेमन जीशान उर्फ आफताब निवासी शाहआलम सोसायटी, दाणी लिमडा, अहमदाबाद आदतन ड्रग तस्कर है। वह पूर्व में 1 किलोग्राम एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। पैरोल पर रिहा होने के बाद फरार चल रहा था। अहमदाबाद पुलिस भी उसकी तलाश कर रही थी।
एसपी ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम रखा था। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के दौरान मेमन जीशान ने खुलासा किया कि पुलिस द्वारा जब्त की गई बिना नंबर की कार में अभी भी ड्रग्स और हथियार छिपाकर रखे हैं। सूचना पर थानाधिकारी महेंद्र कुमार ने टीम के साथ थाना परिसर में खड़ी कार की तलाशी में विंडशील्ड काउल के नीचे छिपा रखा अवैध सामान बरामद हुआ। पुलिस ने कार से 74 ग्राम एमडी ड्रग्स, 20 ग्राम चरस, रिवॉल्वर और उसमें लोड 6 जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा प्लास्टिक डिब्बी में 18 अतिरिक्त कारतूस भी मिले। इस तरह कुल 24 जिंदा कारतूस जब्त किए। बरामद एमडी व चरस की बाजार में कीमत करीब 9.40 लाख आंकी गई है।

