• May 8, 2026

पिंडवाड़ा-44 किलो डोडा पोस्त के साथ एक गिरफ्तारः कार जब्त, नाकाबंदी के दौरान पकड़ा बालोतरा का तस्कर

PALI SIROHI ONLINE

पिंडवाड़ा/वीरवाड़ा-पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। जिला पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़ के निर्देश पर पिंडवाड़ा थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में डोडा पोस्त बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह और वृत्ताधिकारी (पिंडवाड़ा) भंवरलाल चौधरी के सुपरविजन में पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे नंबर 27 पर मौरस चौकी के सामने नाकाबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध हुंडई क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली गई। कार से 44.100 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने डोडा पोस्त के साथ परिवहन में इस्तेमाल की जा रही क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस ने मौके से बालोतरा जिले के भाखर खुंट, मेवानगर (थाना जसोल) निवासी प्रेम कुमार पुत्र कुंभाराम (जाति जाट, उम्र 26 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी से यह पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है कि वह यह खेप कहां से लाया था और किसे इसकी आपूर्ति करने जा रहा था।

इस कार्रवाई को पिंडवाड़ा थानाधिकारी हुकमसिंह, डीएसटी प्रभारी कमलसिंह, हेड कांस्टेबल सोहनलाल, कांस्टेबल भावेश कुमार और कांस्टेबल अरविंद की टीम ने अंजाम दिया।

You cannot copy content of this page