PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में शादी का झांसा देकर युवती से रेप करने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी युवक ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ दरिंदगी की। वहीं उसके दोस्त ने धोखा देने के सबूत दिखाने के बहाने बुलाकर नशीला पदार्थ खिलाया और होटल में ले जाकर रेप किया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गेस्ट हाउस पर बुलाकर की थी दरिंदगी
रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता (21) की पहचान अगस्त 2025 में एक परिचित महिला के जरिए आरोपी युवक से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप पर बातें होने लगीं। आरोप है कि युवक ने उसे शादी का झांसा दिया और एक गेस्ट हाउस में मिलने बुलाकर पहली बार दरिंदगी की। पीड़िता के विरोध करने और रोने पर उसने जल्द शादी करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद आरोपी ने अक्टूबर 2025 में एक सूने मकान और बाद में एक गोदाम में ले जाकर उसके साथ बार-बार रेप किया।प्रेमी के दोस्त ने नशीला पदार्थ खिलाकर किया रेप
मामले में दूसरा मोड़ अप्रैल 2026 में आया, जब प्रेमी के दोस्त ने पीड़िता को फोन कर दावा किया कि उसका प्रेमी उसे धोखा दे रहा है और उसके पास इसके पुख्ता सबूत हैं। झांसे में आकर जब पीड़िता उससे मिलने पहुंची, तो आरोपी उसे अपनी कार में ले गया। रास्ते में आरोपी ने उसे सहानुभूति की बात कहकर नशीला पदार्थ खिलाया, जिससे वह अचेत होने लगी। इसके बाद आरोपी उसे एक होटल में ले गया और नशे की हालत में उसके साथ रेप किया। शाम को आरोपी उसे घर के पास छोड़कर फरार हो गया।
परिजनों के साथ पहुंची थाने, मामला दर्ज
होश में आने के बाद जब पीड़िता ने इस पूरी घटना अपने प्रेमी को बताई, तो उसने मदद करने के बजाय अपने दोस्त का ही पक्ष लिया। प्रेमी ने गलती मानने और बात को दबाने की बात कहते हुए पीड़िता को दोबारा शादी का भरोसा दिया।
लगातार हो रहे शोषण और धोखाधड़ी से परेशान पीड़िता जब मानसिक तनाव में रहने लगी, तो 6 अगस्त 2026 को परिजनों के पूछने पर उसने आपबीती सुनाई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन पीड़िता को लेकर तुरंत थाने पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है।


