PALI SIROHI ONLINE
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सीधी भर्ती-2024: पदस्थापन हेतु काउंसलिंग की अस्थायी वरीयता सूची जारी
पाली, 25 जुलाई। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सीधी भर्ती-2024 में चयनित एवं पाली जिले को आवंटित अभ्यर्थियों के पदस्थापन के लिए काउंसलिंग के लिए अस्थायी वरीयता सूची जारी कर दी गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक देवा राम ने बताया कि निदेशक, माध्यमिक शिक्षा, राजस्थान, बीकानेर के निर्देशानुसार काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। इसके लिए पात्र अभ्यर्थियों की अस्थायी वरीयता सूची तैयार कर प्रकाशित की गई है।
उन्होंने बताया कि जारी अस्थायी वरीयता सूची के संबंध में यदि किसी अभ्यर्थी को कोई आपत्ति है अथवा वह किसी वरीयता श्रेणी का लाभ लेने से वंचित रह गया है, तो वह संबंधित मूल दस्तावेज एवं प्रमाण-पत्र 27 जुलाई 2026 को दोपहर 2 बजे तक जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक पाली कार्यालय में अथवा कार्यालय की ई-मेल deo.pali.dse@rajasthan.gov.in पर प्रस्तुत कर सकता है। निर्धारित समयावधि के बाद प्राप्त होने वाले अभ्यावेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण के बाद स्थायी वरीयता सूची जारी की जाएगी, जिसके पश्चात किसी भी प्रकार की आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अस्थायी वरीयता सूची का निर्धारण दिव्यांगता, विधवा, परित्यक्ता, एकल महिला, भूतपूर्व सैनिक, पति-पत्नी प्रकरण, शहीद परिवार आश्रित, असाध्य रोग संबंधी प्रकरण, महिला अभ्यर्थी सहित निर्धारित वरीयता श्रेणियों के आधार पर किया गया है।
काउंसलिंग के लिए पात्र अभ्यर्थियों की अस्थायी वरीयता सूची जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक पाली कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गई है। साथ ही यह शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।

