PALI SIROHI ONLINE
पाली से मनीष राठौड़/नटवर मेवाडा की रिपोर्ट
पाली। ओम बन्ना के दर्शन करने जा रहे परिवार की बाइक व टूरिस्ट बस की टक्कर, 5 वर्षीय मासूम की मौत
जोधपुर के सांगरिया फाटा से ओम बन्ना के दर्शन करने निकले एक ही परिवार के लिए रविवार का दिन काल बनकर आया। बांडाई पुल के ऊपर जोधपुर से नारलाई की ओर जा रही टूरिस्ट बस व बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 5 वर्षीय मासूम यशवीर की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सांगरिया फाटा जोधपुर निवासी प्रेमसिंह पुत्र रामचंद्र रावणा राजपूत अपनी पत्नी टीना, पुत्र देवेंद्र और यशवीर के साथ बाइक पर सवार होकर ओम बन्ना धाम जा रहे थे। इसी दौरान बांडाई पुल पर टूरिस्ट बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार चारों सड़क पर दूर जा गिरे।
बस में सवार लोगो ने और राहगीरो की मदद से सभी घायलों को तुरंत पाली के बांगड़ अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद 5 वर्षीय यशवीर को मृत घोषित कर दिया। घायल प्रेमसिंह, उनकी पत्नी टीना और पुत्र देवेंद्र का इलाज फिलहाल जारी है।
सूचना मिलते ही रोहट थानाप्रभारी पदमपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया। वहीं, रोहट थाने के एएसआई रिड़मलराम ने अस्पताल पहुँचकर घायलों से घटना की जानकारी ली और परिजनों को सूचित किया।

