PALI SIROHI ONLINE
पाली हर्षाेल्लास व उमंग के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह*
वीरांगनाओं एवं जिला स्तर पर विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त 99 प्रतिभाओं को किया सम्मानित
पाली, 15 अगस्त। राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस जिलेभर में हर्षाेल्लास एवं उमंग के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय पर मुख्य समारोह राजकीय श्री बांगड़ स्टेडियम में आयोजित हुआ। समारोह में कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान हुआ तथा कैबिनेट मंत्री ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली।
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस देशवासियों के लिए गौरव का पर्व है। आज के दिन हमें आजादी मिली और यह हम सभी के लिए गौरव का पल है। उन्होंने सभी से राष्ट्रीय गौरव की भावना को सदैव हृदय में संजोए रखने तथा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राज्य में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए आमजन से इनका लाभ लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पाली जिले में गत वर्षों में विकास के कई आयाम स्थापित हुए हैं तथा राज्य बजट में मुख्यमंत्री द्वारा जिले को कई सौगातें दी गई हैं।
वीरांगनाओं एवं विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त प्रतिभाओं का सम्मान
जिला स्तरीय समारोह में देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीरों की वीरांगनाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने एवं सराहनीय कार्य करने वाली कुल 99 प्रतिभाओं को जिला स्तर पर प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिला कलेक्टर ने दी जिलेवासियों को शुभकामनाएं
जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व पर पाली जिले के समस्त जिलेवासियों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा बैण्डवादन किया गया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह ने राज्यपाल महोदय के अभिभाषण का पठन किया।
जिला कलेक्टर ने विभिन्न कार्यालयों में किया ध्वजारोहण
मुख्य समारोह से पूर्व जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने अपने निवास सहित जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय, जिला परिषद, नगर विकास न्यास कार्यालय एवं डिस्ट्रिक्ट क्लब में ध्वजारोहण किया तथा पुलिस दल की सलामी ली। इस दौरान संबंधित कार्यालयों के अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे। जिले के अन्य राजकीय कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया।
यह रहे मौजूद
समारोह में सांसद पी. पी. चौधरी, विधायक भीमराज भाटी, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, पूर्व सभापति महेन्द्र बोहरा, जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक मोनिका सैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र राणावत सहित जनप्रतिनिधि सुनील भंडारी, पुखराज पटेल, त्रिलोक चौधरी, गणमान्य नागरिक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।


