PALI SIROHI ONLINE
पाली। पाली में दोस्तों के साथ गए स्टूडेंट की बांध में डूबने से मौत हो गई। पिता ने साथियों पर साजिश के तहत हत्या का शक जताया है। कहा- बेटे को धूप और गंदे पानी से एलर्जी थी।
अभी उसके कमरे में एसी लगवाया था। उसे तैरना आता था, वह डूबा कैसे? बांध पर साथ जाने वाले लड़कों से रुपयों के लेन-देन को लेकर झगड़ा हुआ था। रंजिश में बेटे की हत्या
कर उसे हादसा दिखाने का प्रयास किया जा रहा है। पिता ने चेतावनी दी है कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होगी, वे बेटे का शव नहीं उठाएंगे।
घटना सदर थाना क्षेत्र के हेमावास बांध पर गुरुवार दोपहर 3 बजे की है।
अब पढ़िए… सिलसिलेवार घटनाक्रम
1. तीन युवकों के डूबने की सूचना पर पहुंची पुलिस
ASI श्रवण सिंह ने बताया हेमावास बांध में तीन युवकों
के डूबने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहां सर्वोदय नगर निवासी रौनक (21) पुत्र सुरेश बांध के बाहर खड़ा मिला। वहीं चिरंजीवी (15) पुत्र प्रेमचंद पानी में उतरा था, लेकिन किसी तरह बाहर निकल आया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
सर्वोदय नगर निवासी सुभाष (20) पुत्र राजू रावसुभाष पानी
में डूब गया था। सूचना पर रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। टीम ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और बांगड़ अस्पताल पहुंचाया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
2. पिता ने साथ गए युवकों पर जताया शक
सुभाष के पिता राजू राव ने आरोप लगाया कि बेटे के साथ जो दो युवक गए थे, उनसे कुछ दिन पहले रुपयों के लेन-देन को लेकर झगड़ा हुआ था। बेटा हादसे का नहीं, बल्कि साजिश का शिकार हुआ है।
जब सुभाष को बाहर निकाला गया तो उसके मुंह पर रूमाल बंधा हुआ था। पैंट आधी पहनी हुई थी और शर्ट भी शरीर पर थी। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग होनी चाहिए। राजू ने कहा कि न्याय नहीं मिलने तक वे शव नहीं उठाएंगे।
3. पढ़ाई में होशियार था सुभाष, परिवार को थीं बड़ी उम्मीदें
राजू राव ने बताया कि उनके छह बेटे हैं। जसवंत, सुभाष, भरत, मोहित, राघव और सिद्धार्थ। सुभाष दूसरे नंबर पर था और 12वीं कक्षा का छात्र था। वह पढ़ाई में होशियार था। हाल ही में उसकी पढ़ाई के लिए 40 हजार रुपए का लैपटॉप दिलवाया था। उसे धूप और गंदे पानी से एलर्जी थी, इसलिए उसके कमरे में एसी भी लगवाया गया था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं।
4. SHO बोले- रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
सदर थाना SHO कपूराराम ने बताया- सुभाष के पिता राजू राव ने साजिश की आशंका जताई है। परिवार की ओर से जो रिपोर्ट दी जाएगी, उसके आधार पर मामले में आगे जांच कर कार्रवाई की जाएगी।


