PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली एसपी मोनिका सैन ने शुक्रवार देर शाम एक आदेश जारी कर जिले में 6 थानाप्रभारियों के तबादले किए हैं। इसके साथ ही 10 ASI, 4 हेड कांस्टेबल और 306 कांस्टेबल के भी ट्रांसफर किए गए हैं। तबादलों में कई पुलिस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ को प्रशासनिक आधार और कुछ को खुद के प्रार्थना पत्र के आधार पर स्थानांतरित किया गया है।एसपी मोनिका सैन की ओर से जारी आदेश के तहत बलभद्रसिंह को पुलिस लाइन से खिंवाड़ा थानाधिकारी लगाया गया है। वहीं सहदेव चौधरी को पुलिस लाइन से मारवाड़ जंक्शन थानाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
दाउद खां को पुलिस लाइन से शिवपुरा थानाधिकारी लगाया गया है। पाना चौधरी को पुलिस लाइन से रोहट थानाप्रभारी बनाया गया है।
इसी तरह अमराराम को चण्डावल थानाधिकारी पद से त्वरित अनुसंधान सैल पाली लगाया गया है। गीतासिंह को चण्डावल थानाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं कैलाशचन्द्र को पुलिस लाइन पाली से सुमेरपुर सदर थाना प्रभारी लगाया गया है।
306 कांस्टेबल भी बदले
एसपी मोनिका सैन ने एक अलग आदेश जारी कर जिले भर में कार्यरत 306 कांस्टेबल के भी ट्रांसफर किए हैं। इनमें कुछ तबादले प्रशासनिक आधार पर किए गए हैं, जबकि कुछ पुलिसकर्मियों को उनके खुद के प्रार्थना पत्र के आधार पर नई जगह पोस्टिंग दी गई है।
इसके अलावा जिले में 10 ASI और 4 हेड कांस्टेबल के भी तबादले किए गए हैं। पुलिस विभाग की ओर से जारी इन आदेशों के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों को नई जगह परकार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं


