PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली जिले के मालपुरिया कला गांव में रविवार रात घर के बरामदे में सो रहे पिता-पुत्र को किसी जहरीले जीव ने काट लिया। दोनों को परिजन रात में ही पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने 6 साल के बेटे को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 40 साल के पिता की हालत गंभीर होने पर उन्हें ICU में भर्ती किया गया। उनका इलाज जारी है।
बरामदे में एक ही खाट पर सो रहे थे पिता-पुत्र
जानकारी के अनुसार, शिवपुरा थाना क्षेत्र के मालपुरिया कला गांव निवासी कैलाश (40) पुत्र पुनाराम गुर्जर अपने 6 साल के बेटे किशन के साथ घर के बरामदे में एक ही खाट पर सो रहे थे। पास में ही उनकी पत्नी दूसरी खाट पर सो रही थी, जबकि परिवार के अन्य लोग घर के अंदर सो रहे थे।
चिल्लाने की आवाज सुनकर उठे घरवाले
रात करीब साढ़े 11 बजे कैलाश अचानक उठे और चिल्लाने लगे कि किसी जीव ने उनके कान पर काट लिया है। इसके बाद उन्होंने पास में सो रहे बेटे को उठाया तो वह भी अचेत मिला। परिजन दोनों को तुरंत पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद किशन को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, कैलाश की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ICU में भर्ती किया गया। फिलहाल उनकी हालत भी गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। कैलाश जाडन गांव में जनरल स्टोर चलाते हैं।




