PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में पेट्रोल पंपों पर लगे असली QR कोड के ऊपर सोमवार को ठग अपना QR कोड चिपका गए। मंगलवार सुबह ग्राहकों ने पेट्रोल-डीजल भरवाने के बाद ऑनलाइन भुगतान करना शुरू किया तो पेट्रोल पंप संचालकों को पेमेंट मिलने की आवाज नहीं सुनाई दी।
बैंक अकाउंट चेक किए तो भुगतान की कोई एंट्री भी नहीं मिली। शक होने पर जब QR कोड की जांच की गई तो चौंक गए।दरअसल, ठगों ने आधी रात पेट्रोल पंपों पर लगा QR कोड बदल दिया था और ग्राहकों से लिया गया ऑनलाइन भुगतान पेट्रोल पंप के खाते में जाने के बजाय ठगों के खाते में पहुंच रहा था।
मामले में करीब 6-7 पेट्रोल पंप संचालकों ने पुलिस से शिकायत की है। वहीं, आरोपी की करतूत पेट्रोल पंपों पर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
कोतवाली थाना प्रभारी रविंद्र सिंह खींची ने बताया कि मामले में रिपोर्ट मिली है। फिलहाल जांच कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी जांच की जा रही है।
रात 12:30 बजे बाइक से पहुंचा, हेलमेट से छिपाया चेहरा वारदात में सामने आए CCTV फुटेज के अनुसार, सोमवार रात करीब 12:30 बजे एक युवक बाइक लेकर पेट्रोल पंप पर पहुंचता है। उसने पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था। युवक कुछ देर पेट्रोल पंप के QR कोड स्कैनर के पास रुकता है और उस पर अपना QR कोड चिपका देता है।
इसके बाद वह वहां से निकलकर दूसरे पेट्रोल पंप पर पहुंचता है। इसी तरह अलसुबह करीब साढ़े 3 बजे तक आरोपी युवक ने गांधी पेट्रोल पंप मस्तान बाबा, पाली फिलिंग स्टेशन रामासिया समेत करीब 7 पेट्रोल पंपों को निशाना बनाया। पूरी वारदात CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।सुबह ग्राहक आए तो खुला ठगी का राज
मंगलवार सुबह रोज की तरह ग्राहक पेट्रोल-डीजल भरवाने पहुंचे। ग्राहकों ने ऑनलाइन पेमेंट किया, लेकिन पेट्रोल पंप कर्मचारियों को भुगतान प्राप्त होने वाली आवाज नहीं आई। शुरुआत में नेटवर्क या तकनीकी समस्या मानकर इसे नजरअंदाज किया गया, लेकिन जब लगातार भुगतान की सूचना नहीं मिली तो संचालकों ने बैंक अकाउंट चेक किए।
अकाउंट में पैसा नहीं पहुंचने पर QR कोड की जांच की गई। संदेह होने पर संचालकों ने खुद QR कोड के जरिए एक छोटा भुगतान करके देखा। तब पता चला कि पैसा पेट्रोल पंप के खाते में नहीं, बल्कि किसी दूसरे खाते में जा रहा है।
इसके बाद आसपास के पेट्रोल पंप संचालकों से संपर्क किया गया। बातचीत में पता चला कि कई अन्य पंपों पर भी ठीक इसी तरीके से QR कोड बदल दिया गया था।
ठग ने रानी के ATM से निकाले रुपए, करीब 50 हजार की ठगी
पाली पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष कार्तिकेय श्रोतिय ने बताया कि मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दी गई है। पुलिस से आरोपी को जल्द पकड़ने और मामले का खुलासा करने की मांग की है।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि QR कोड बदलने वाले संदिग्ध ने रानी में ATM से रुपए निकाले हैं। फिलहाल अलग-अलग पेट्रोल पंपों से करीब 50 हजार रुपए की ठगी होने का अनुमान है।CCTV में कैद हुए बाइक सवार युवक
CCTV फुटेज में हेलमेट पहना युवक पेट्रोल पंपों पर आता और QR कोड के साथ छेड़छाड़ करता नजर आ रहा है। कुछ फुटेज में एक अन्य संदिग्ध युवक भी दिखाई दिया है।
ऐसे में पुलिस CCTV फुटेज, बैंक ट्रांजेक्शन, QR कोड से जुड़े खातों और ATM से हुए कैश विड्रॉल की जानकारी जुटा रही है, जिससे आरोपियों को पकड़ा जा सके।

