PALI SIROHI ONLINE
विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग 2027 के विजेता प्रतिभागियों के लिए निबंध प्रतियोगिता का दूसरा चरण शुरू
22 अक्टूबर तक ऑनलाइन जमा कर सकेंगे निबंध, चयनित प्रतिभागियों के लिए प्रक्रिया अनिवार्य
पाली, 13 अक्टूबर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग (VBYLD) 2027 के तहत निबंध प्रतियोगिता के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस चरण में केवल वे प्रतिभागी भाग ले सकेंगे, जिन्हें VBYLD 2027 क्विज में विजेता के रूप में चयनित किया गया है।
प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में रचनात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता, नवाचार तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। दूसरे चरण में प्रतिभागियों को निर्धारित विषय पर निबंध प्रस्तुत करना होगा। प्रतिभागी MY Bharat पोर्टल पर उपलब्ध सुविधा के माध्यम से अपनी पसंद की भाषा में निबंध सीधे ऑनलाइन लिख सकते हैं अथवा पीडीएफ फाइल के रूप में अपलोड कर सकते है
निबंध जमा करने के लिए प्रतिभागियों को MY Bharat पोर्टल पर उसी लॉगिन आईडी से प्रवेश करना होगा, जिसका उपयोग उन्होंने पंजीकरण के दौरान किया था। पोर्टल पर Stage II (Essay) के अंतर्गत ‘Participate Now’ और ‘Start Essay’ विकल्प के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
निबंध जमा करने से पहले प्रतिभागियों को सभी विवरणों की जांच करनी होगी तथा अंतिम रूप से ‘Submit Essay’ पर क्लिक कर सबमिशन की पुष्टि करना आवश्यक है। एक बार सबमिशन का माध्यम चुनने के बाद उसमें बदलाव नहीं किया जा सकेगा।
निबंध जमा करने की अंतिम तिथि 22 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रतिभागी पोर्टल के ‘My Essays’ सेक्शन में अपने जमा किए गए निबंध देख सकेंगे तथा उपलब्ध होने पर प्रमाणपत्र भी प्राप्त कर सकेंगे।
मेरा युवा भारत, पाली




