• April 25, 2026

मोकमसिंह गुड़ा के पास कार की टक्कर से भांजे की मौत, मौसी घायल; रास्ते में हुआ एक्सीडेंट; इलाज के दौरान दम तोड़ा

PALI SIROHI ONLINE

पाली-पाली में बाइक पर बैठकर जा रहे 3 लोगों को कार ने टक्कर मार दी। इसमें युवक उसकी मौसी और मौसी की 3 साल की बेटी को बैठाकर घर ले जाते समय हादसा हुआ। इसमें युवक की मौत हो गई जबकि उसकी मौसी और उनकी बेटी घायल है।जानकारी के अनुसार, पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन थाना क्षेत्र के कादू गांव निवासी 22 साल का मनीष पुत्र हेमाराम सीरवी शुक्रवार को अपनी 30 साल की मौसी संतोष पत्नी सुरेंद्र और उनकी 3 साल की बेटी किंजल को लेकर बाइक से जोजावर खरीदारी करने गया था।

कार की टक्कर से नीचे गिरे

शुक्रवार शाम करीब 7 बजे वे बाइक से वापस अपने गांव कादू आ रहे थे। इस दौरान मोकमसिंह गुड़ा के पास तेज रफ्तार से आ रहे कार सवार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मनीष गंभीर घायल हो गया। वहीं उसकी मौसी संतोष भी घायल हो गई। 3 साल की मासूम किंजल को मामूली चोटे आई।

तीनों को इलाज के लिए शुक्रवार देर शाम को पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद मनीष को जोधपुर रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल

जवान बेटे की अकाल मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि उनका लाडला बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा। विलाप कर रहे मृतक के परिजनों को रिश्तेदारों ने संभाला।

You cannot copy content of this page