PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली जिले में सड़क हादसे में 25 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना शिवपुरा थाना क्षेत्र के जाडन गांव में रविवार देर शाम की है।
पुलिस के अनुसार जाडन निवासी 25 वर्षीय मंजू देवी पत्नी रमेश कुमार रविवार शाम को घर से सब्जी लेने के लिए जा रही थी। इस दौरान वह सड़क पार कर रही थी। तभी तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंजू देवी के सिर में गंभीर चोट लग गई और वह सड़क पर ही गिर गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर शिवपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पाली के बांगड़ हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।
